कलेक्टर एवं अध्यक्ष रेडक्रॉस सोसायटी श्योपुर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि आपकी छोटी सी आर्थिक मदद भी, किसी के लिए बडी उपयोगी हो सकती है, इसलिए सेवा भाव के साथ जिदंगी के बैंक में पुण्यकर्म जमा करते रहे। ईश्वर ने क्षमता प्रदान की है तो स्वैच्छा से जरूरतमंद लोगों की मदद के इस अभियान में सहयोग प्रदान करें। वे आज आरआरआर रिसोर्ट श्योपुर में क्रियेटिव श्योपुर अंतर्गत आयोजित रेडक्रॉस निधि संग्रह कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थी। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, एसडीएम श्री गगन मीणा, चेयरमैन रेडक्रॉस श्री अमित सूद, उपाध्यक्ष श्री जुगल बंसल, सचिव श्री दिनेश दुबोलिया, कोषाध्यक्ष श्री राकेश शर्मा सहित रेडक्रॉस प्रबंध समिति के सदस्यगण तथा विभिन्न औद्योगिक इकाईयों के संचालक, व्यवसायी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि क्रियेटिव श्योपुर पहल के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, रचनात्मक, बौद्धिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है, इसी क्रम में रेडक्रॉस के लिए धनराशि जुटाने हेतु यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कोई भी व्यक्ति स्वैच्छा से रेडक्रॉस में आर्थिक सहयोग प्रदान कर सकता है, इसके लिए क्यूआर कोड भी जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को तात्कालीक रूप से आर्थिक सहायता का कार्य किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी इसमें सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि कोई भी दान छोटा या बडा नही होता, मानवता की सेवा भावना इसका मूल उद्देश्य है। इसलिए अपनी-अपनी क्षमता के अनुरूप कोई भी नागरिक क्यूआर कोड के माध्यम से आर्थिक मदद कर सकता है।
सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि रेडक्रॉस के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हाथ बढाये, यह ऐसा कार्य है, जिससे संतुष्टि का भाव उत्पन्न होता है। जिला प्रशासन की इस अभिनव पहल में सभी सहयोग प्रदान कर मानवता की सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायें। एसडीएम श्री गगन मीणा ने कहा कि समाज आगे बढता है, तभी पूर्ण सफलता मिलती है। इसलिए समाजजनो की भूमिका इस अभियान के लिए महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई इस पहल में सभी नागरिक अपना योगदान देकर रेडक्रास फंड को बढाने में सहयोग प्रदान करें। इसके पूर्व रेडक्रॉस के चेयरमैन श्री अमित सूद द्वारा स्वागत भाषण देते हुए प्रशासन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि रेडक्रॉस के सभी नागरिकों को जोडने का यह अभिनव प्रयास है। रेडक्रॉस सदैव ही मानवता की सेवा के लिए कार्य करता आ रहा है।
इस अवसर पर सचिव श्री दिनेश दुबोलिया द्वारा रेडक्रॉस की प्रस्तावना पर प्रकाश डाला गया और जिले में संचालित गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन कन्या महाविद्यालय की छात्रा आयुषी भदौरिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री जुगल बंसल द्वारा किया गया। इस अवसर पर काष्ठ शिल्प एवं लाख शिल्प से जुडे कारीगरों द्वारा अपने-अपने हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विक्रय स्टॉल भी लगाये गये।
रेडक्रॉस निधि संग्रह कार्यक्रम के दौरान कई लोगों द्वारा रेडक्रॉस फंड के लिए उत्साहपूर्वक आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। इस अवसर पर सहयोग प्रदान करने वाले श्री गोविंद सिसौदिया, श्री सतीश गर्ग, श्री योगेश गर्ग, श्री रमेश मीणा, श्री गोपाल शर्मा, श्री ओमप्रकाश मीणा, श्री अमरनाथ गोयल, एसईसी त्रिपात्र कंस्ट्रक्शन कंपनी, श्री मनोज सर्राफ, श्रीमती निर्मला आचार्य, श्री महावीर गुप्ता, श्री मोहम्मद अशरफ कुरैशी, श्री सुरेश पुजारी, श्री हरि सिंह मीणा, श्री राकेश शर्मा, श्री नवल राठौर, श्री विष्णु वाल्मिक, श्रीमती कमला चौधरी को क्रियेटिव श्योपुर की ओर से प्रशस्ती पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा क्यूआर कोड जारी करने के पश्चात् प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा गणमान्य नागरिकों द्वारा बढचढ कर फंड संग्रहण अभियान में भागीदारी की जा रही है।







