ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित हैंडपंपों एवं अन्य पेयजल संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड, धार में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस संबंध में कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड, धार द्वारा आदेश जारी कर कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। कंट्रोल रूम का संचालन प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक किया जाएगा। जारी आदेश के अनुसार जिला समन्वयक, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड, धार श्री प्रदीप रोकड़े की ड्यूटी प्रातः 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तथा पीएमयू-पीएमएम श्री अमूल ठाकरे की ड्यूटी दोपहर 1:30 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित की गई है। कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली पेयजल संबंधी शिकायतों को निर्धारित पंजी में दर्ज कर तत्काल संबंधित अधिकारी को प्रेषित किया जाएगा। साथ ही, उपखंड स्तर पर सहायक यंत्री एवं उपयंत्रियों से समन्वय स्थापित कर शिकायतों के त्वरित निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित कर्मचारियों को प्रतिदिन प्राप्त एवं निराकृत शिकायतों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में तैयार कर जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में हैंडपंपों एवं पेयजल संबंधी समस्याओं की निगरानी तथा उनके शीघ्र निराकरण में सहायता मिलेगी।






