कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” अभियान के तहत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम सिंधवारी में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं निःशुल्क औषधियों का लाभ लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ भारती एवं भगवान धन्वंतरि के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पूजा-अर्चना कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती परिणीता राजे, सदस्य शासी निकाय, विशिष्ट अतिथि डॉ. सुशील प्रजापति, जिला आयुष अधिकारी, श्री रामजीशरण राय, सदस्य बाल कल्याण समिति तथा श्री कप्तान सिंह दांगी, सरपंच ग्राम सिंधवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री मुनेंद्र शेजवार ने की।

मुख्य अतिथि श्रीमती परिणीता राजे ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन एवं समृद्ध चिकित्सा पद्धति है। इसे दैनिक जीवनशैली में अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुशील प्रजापति ने एकीकृत चिकित्सा पद्धति, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या एवं योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने ग्रामीणों को आयुष विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के सदस्य श्री रामजीशरण राय ने आयुर्वेद एवं योग को अपनाने के साथ बच्चों के स्वास्थ्य और संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने ग्रामीणों को बाल अधिकारों एवं बच्चों की देखरेख से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

जिला समन्वयक श्री मुनेंद्र शेजवार ने सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। शिविर के दौरान डॉ. बृजेश बघेल द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने शिविर में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक समन्वयक श्रीमती ज्योति गोस्वामी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।