बुरहानपुर जिले में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित और चिन्हित स्थलों पर कराया जाएगा। कलेक्टर हर्ष सिंह और पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सुरक्षा और जनसुविधा के इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में विसर्जन स्थलों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। प्रशासन ने आमजन को सुरक्षा संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करने और बच्चों को विसर्जन स्थलों पर नहीं लाने के लिए जागरूकता बढ़ाने को कहा है।

खास बातें

  • केवल निर्धारित और चिन्हित स्थलों पर कराया जाएगा विसर्जन
  • स्थलों पर एसडीआरएफ, तैराक, वॉलेंटियर्स और एम्बुलेंस की व्यवस्था के निर्देश
  • यातायात के लिए रूटचार्ट बनेगा, विसर्जन मार्गों का पहले होगा निरीक्षण

एसडीआरएफ, तैराक और एम्बुलेंस की रहेगी व्यवस्था

विसर्जन स्थलों पर एसडीआरएफ टीम, वॉलेंटियर्स और प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। बड़ी प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए नगर निगम आवश्यकता के अनुसार क्रेन की व्यवस्था करेगा, जबकि स्वास्थ्य विभाग को जरूरी स्थानों पर एम्बुलेंस उपलब्ध रखने को कहा गया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई और माइक-स्पीकर की व्यवस्था भी की जानी है। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विसर्जन मार्गों का होगा पूर्व निरीक्षण

नगर निगम, पीएमजीएसवाय, लोक निर्माण, विद्युत, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी विसर्जन मार्गों का पहले निरीक्षण करेंगे। सड़कों की स्थिति देखकर आवश्यक सुधार और यातायात प्रबंधन के इंतजाम करने को कहा गया है, ताकि प्रतिमाओं और श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी न हो।

पुलिस विभाग विसर्जन के दौरान यातायात और कानून-व्यवस्था के लिए रूटचार्ट तैयार करेगा। थाना स्तर पर गणेश पंडाल संचालकों और आयोजन समितियों के साथ बैठक कर उन्हें विसर्जन संबंधी दिशा-निर्देश बताए जाएंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी लागू होंगी तैयारियां

प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों के विसर्जन स्थलों पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश मिले हैं।