जिला चिकित्सालय विदिशा में चिकित्सकों ने एक जटिल एवं हाई-रिस्क सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 25 वर्षीय मरीज के हाथ से बंदूक की गोली निकालकर उसे नया जीवन प्रदान किया है।

विदिशा जिले की लटेरी तहसील निवासी 25 वर्षीय मोहन भगवान सिंह को आपसी विवाद के दौरान बाएं कंधे के नीचे बंदूक की गोली लग गई थी। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकीय परीक्षण एवं आवश्यक जांच के दौरान पाया गया कि गोली मांसपेशियों के भीतर गहराई तक धंसी हुई है तथा उसके आसपास संक्रमण एवं मवाद बन चुका है। विशेषज्ञ चिकित्सकों के अनुसार, समय रहते उपचार नहीं होने पर मरीज के हाथ को गंभीर क्षति पहुंचने की आशंका थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्जरी का निर्णय लिया गया। ऑपरेशन के दौरान गोली के समीप स्थित बड़ी रक्तवाहिनी (ब्लड वेसल) को नुकसान पहुंचने का भी जोखिम था, जिससे सर्जरी अत्यंत चुनौतीपूर्ण बन गई थी।

डॉ. विनय गोलनदाज ने अपनी सहयोगी टीम के साथ मरीज का सफल ऑपरेशन किया। लगभग दो घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी में चिकित्सकों ने अत्यंत सावधानीपूर्वक गोली को बाहर निकाला। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति सामान्य रही तथा स्वास्थ्य लाभ के उपरांत उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इस सफल सर्जरी में डॉ. पीसी मांझी एवं डॉ. रवि दिवाकर (ऑर्थोपेडिक सर्जन) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जिला चिकित्सालय विदिशा में लगातार जटिल एवं हाई-रिस्क सर्जरियों के सफल संचालन से जिले के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे उन्हें बड़े शहरों की ओर रेफर होने की आवश्यकता कम हो रही है।