जिले में विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध घुमन्तु समुदाय के लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु तहसील स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं।
इन विशेष शिविरों का मुख्य उद्देश्य विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु समुदाय के नागरिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देना तथा उनके जाति प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, राशन कार्ड, आधार कार्ड एवं समग्र आईडी बनवाने जैसी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करना है। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का संबंधित विभागों द्वारा तत्परता से समाधान किया जाएगा। तहसील स्तर पर शिविरों की तिथियां और स्थान तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों का समय प्रातः 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक निर्धारित किया गया है, जो 8 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक निर्धारित स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। जिसमें 08 अक्टूबर को तहसील कार्यालय पोहरी, 14 अक्टूबर को तहसील कार्यालय पिछोर, 15 अक्टूबर को तहसील कार्यालय शिवपुरी, 21 अक्टूबर को तहसील कार्यालय बदरवास, 22 अक्टूबर को तहसील कार्यालय कोलारस, 28 अक्टूबर को तहसील कार्यालय करैरा तथा 29 अक्टूबर को तहसील कार्यालय खनियाधाना शामिल है। शिविरों के सुचारू संचालन एवं समन्वय हेतु निरीक्षक श्री एन.एल. राय तथा सहायक ग्रेड-3 श्री अनिल कुमार शर्मा को शिविर प्रभारी एवं सहायक नियुक्त किया गया है। समस्त तहसीलदारों, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्थानीय स्तर पर घुमन्तु व अर्ध घुमन्तु समुदायों की बस्तियों तक मुनादी और कोटवारों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों के विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जनसमस्याओं का निराकरण करने तथा शिविर स्थलों पर पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।




