जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर शासकीय कन्या महाविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस अवसर महाविद्यालय में विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के गौरवशाली जीवन, संघर्ष एवं देश के प्रति जनजातीय नायकों के योगदान से छात्राओं को परिचित कराना था। इस दौरान महाविद्यालय में भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्राओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, समाज सुधार और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय महानायकों के बलिदान पर विचार प्रस्तुत किए। वहीं रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं ने भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व और जनजातीय संस्कृति को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया। इसके साथ ही छात्राओं को उनके जीवन एवं योगदान पर आधारित लघु डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। कार्यक्रम डॉ. नेहा शर्मा एवं डॉ. भारती सक्सेना के संयोजन में संपन्न हुए। सभी गतिविधियों में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।



