मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्रमुख सचिव वन विभाग एवं आनंद विभाग श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह ने सांदीपनि विद्यालय कल्याणपुरा का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक, वन वृत्त इंदौर श्री पी.एन. मिश्रा, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, वनमंडलाधिकारी जिला झाबुआ श्री अमित वसंत निकम तथा वनमंडलाधिकारी सामाजिक वानिकी वृत्त झाबुआ श्री हिमांशु त्यागी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव श्री सिंह ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने गणित विषय के शिक्षक से चर्चा करते हुए कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने तथा परीक्षा की दृष्टि से आवश्यक तैयारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

प्रमुख सचिव श्री सिंह ने कक्षा 9वीं में संचालित विज्ञान विषय की कक्षा का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से विषय से संबंधित संवाद करते हुए अध्ययन-अध्यापन की स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव श्री सिंह ने कलेक्टर डॉ. भरसट से शिक्षकों की शैक्षणिक दक्षता एवं अध्यापन कौशल को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से आवश्यक प्रशिक्षण आयोजित कराए जाने को कहा। उन्होंने शिक्षकों के प्रशिक्षण के साथ स्मार्ट साधनों एवं आधुनिक तकनीक को शिक्षण प्रक्रिया से जोड़ने पर भी जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों को विषयों को समझने में आसानी हो और अध्ययन-अध्यापन को अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनाया जा सके।