प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की वार्षिक कार्ययोजना के अनुसार जिले में जल संचय अभियान के अंतर्गत जनभागीदारी और सामूहिक श्रमदान से जल संरक्षण के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज विकासखंड परासिया के ग्राम सिरगोरा खुर्द में नवचेतना पब्लिक वेलफेयर सोसायटी (नवांकुर संस्था), सेक्टर- 04 द्वारा श्रमदान कर बोरी बंधान का निर्माण किया गया तथा उपस्थित जनों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

प्राकृतिक जलस्रोत का गहरीकरण कर 75 बोरियों से बनाया बोरी बंधान - जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संजीव कुमार भावरकर के निर्देशन में नवचेतना पब्लिक वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष श्री अंकेश बाग के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत सिरगोरा खुर्द के मुख्य मार्ग पर ग्राम से लगभग 200 मीटर पहले लाल पहाड़ी से रिसकर आने वाले पानी के प्राकृतिक जलस्रोत (झिरिया) का गहरीकरण किया गया। साथ ही आसपास साफ-सफाई कर पानी के बहाव की दिशा में मिट्टी, रेत, मुरम एवं छोटे पत्थरों से भरी लगभग 75 खाली सीमेंट की बोरियों की सहायता से बोरी बंधान तैयार किया गया।

जलस्तर वृद्धि एवं सिंचाई में मिलेगी मदद - बोरी बंधान के निर्माण से वर्षा एवं प्राकृतिक स्रोतों से प्राप्त जल को रोककर संरक्षित करने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र के भूजल स्तर में वृद्धि होने के साथ ही आसपास के खेतों में सिंचाई तथा ग्रामीणों के पशुधन और पशु-पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने में भी सहायता मिलेगी। इससे आसपास के वन्यजीवों को भी पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

प्रस्फुटन समितियों एवं ग्रामीणों ने उत्साह से किया श्रमदान - कार्यक्रम में सेक्टर- 04 की प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों सहित बरारिया, मायावाड़ी और सिरगोरा खुर्द की समितियों के पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर सेक्टर- 02 के परामर्शदाता श्री शंकरराम प्रजापति एवं सेक्टर- 01 के मेंटर श्री मनीष कैथवास भी उपस्थित थे।

श्रमदान में नवचेतना पब्लिक वेलफेयर सोसायटी के श्री दीपक वर्मा, श्री यशवीर राज, श्री मिथलेश सरयाम तथा प्रस्फुटन समितियों के श्री योगेंद्र टेकाम, श्री नेतराम कुमरे, श्री हंसलाल कहार, श्री पतिराम कुमरे, श्री इंद्रपाल कुमरे, श्री रेशमलाल उइके, श्री दरेश यदुवंशी, श्री लखनलाल डेहरिया एवं श्री ब्रजभानसा धुर्वे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने श्रमदान किया। कार्यक्रम के अंत में श्रमदान करने वाले सभी सहभागियों के लिए प्रस्फुटन समिति के श्री नेतराम कुमरे की ओर से स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।