प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने जिले के जुन्नारदेव निवासी श्री गणेश पटवा के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। कभी साइकिल से गांव-गांव घूमकर जनरल स्टोर का सामान बेचने वाले श्री पटवा आज अपनी दुकान से प्रतिमाह लगभग 10 हजार रुपये का लाभ अर्जित कर रहे हैं। पहले उनकी मासिक आमदनी मात्र 4 से 5 हजार रुपये थी। इस प्रकार योजना का लाभ लेने के बाद उनकी आमदनी लगभग दोगुनी हो गई है। ऋण सहायता से शुरू किया अपना व्यवसाय - नगर पालिका परिषद जुन्नारदेव के वार्ड क्रमांक 03 निवासी 49 वर्षीय श्री गणेश पटवा के परिवार में पत्नी और बच्चों सहित कुल चार सदस्य हैं। पहले वे साइकिल से ग्रामीण क्षेत्रों में सामान बेचकर प्रतिमाह 4 से 5 हजार रुपये कमाते थे। कोरोना महामारी और लॉकडाउन के कारण उनका व्यवसाय प्रभावित हुआ, जिससे परिवार के सामने आर्थिक कठिनाइयां बढ़ गईं। इस दौरान उन्हें नगर पालिका परिषद के माध्यम से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। योजना के अंतर्गत बैंक ऑफ महाराष्ट्र, शाखा जुन्नारदेव से 10 हजार रुपये का ऋण प्राप्त कर उन्होंने मुख्य बाजार में जनरल स्टोर शुरू किया। इससे उन्हें प्रतिदिन लगभग 200 से 300 रुपये की बचत होने लगी। कारोबार बढ़ा, आमदनी हुई दोगुनी - व्यवसाय का विस्तार करने के लिए श्री पटवा ने योजना के तहत 20 हजार रुपये का अतिरिक्त ऋण प्राप्त किया। पहले के ऋण का भुगतान करने के बाद उन्होंने आगे भी योजना का लाभ लिया। वर्तमान में उनके व्यवसाय के लिए 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत है। ऋण सहायता से दुकान में अधिक सामग्री उपलब्ध कराने तथा व्यवसाय को और बढ़ाने में मदद मिल रही है। आज दुकान के माध्यम से बड़ी हुई आमदनी से श्री पटवा के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है और आजीविका अधिक मजबूत बनी है। श्री गणेश पटवा का कहना है कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने कठिन समय में उन्हें आर्थिक संबल दिया और अपना व्यवसाय दोबारा स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया। इसके लिए वे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। शासकीय योजनाओं से मिली ऋण सहायता छोटे कारोबारियों को आगे बढ़ने और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में मदद कर रही हैं।






