बैतूल मुख्यालय के शंकर वार्ड निवासी रवि पाखरे की जिंदगी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से पूरी तरह बदल गई है। आज उनके परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से काफी बेहतर हो गई है और उनके जीवन में स्थिरता आ गई है। रवि ने बताया कि उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे हैं। उनके पास रोजगार का कोई साधन नही था। वह इतने पढ़े-लिखे भी नहीं थे कि कोई जॉब कर सके। उन्होंने स्क्रैब का छोटा सा व्यवसाय शुरू किया, लेकिन कोरोना काल के चलते व्यवसाय पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ा और व्यवसाय पूरी तरह बंद होने की कगार पर आ गया। आर्थिक समस्याओं के चलते उनकी दुकान सही ढंग से नहीं चल पा रही थी और घर की स्थिति भी ठीक नहीं थी। उनको परिवार का खर्चा उठाने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। जैसे तैसे वे अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। इस बीच उन्हें नगर पालिका परिषद बैतूल से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जानकारी मिली। उन्होंने बिना देरी किए प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के लिए नगर पालिका में आवेदन किया। नगर पालिका के अधिकारियों ने भी सहयोग करते हुए उन्हें योजना से लाभान्वित किए जाने सहयोग दिया।
लोन की राशि से व्यवसाय में लाई प्रगति
रवि पाखरे ने बताया कि नगर पालिका परिषद बैतूल की एनयुएलएम शाखा से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में आवेदन करने के बाद बैंक से इस योजनांतर्गत 10 हजार रूपये का ऋण मिलने के बाद मैंने अपने इस व्यवसाय को दोबारा पटरी पर लाया, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में थोडा सुधार आया। इस ऋण की पुरी किस्त टाइम टू टाइम बैंक में जमा करने पर मुझे बैंक से 20 हजार का ऋण मिला, जिससे मेरे व्यवसाय को बड़ा करने में बहुत मदद मिली और मेरा व्यवसाय भी अच्छा चलने लगा तथा परिवार के खर्चों में काफी राहत मिली। बच्चों की पढ़ाई और दवाईयों के लिये भी पैसे बचने लगे। व्यवसाय में काफी प्रगति मिली। इस ऋण की सारी किस्त चुकाने के बाद योजनांतर्गत 50 हजार रूपये का ऋण मिला, जिसे मैंने अपने व्यवसाय में लगाया और अपने इस व्यवसाय को प्रगति की दिशा दिखलाई। रवि ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से उनके जीवन में खुशहाली आई है, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है।






