पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय बड़वानी में बैगलेस डे के तहत प्राचार्य श्री कुन्दन राठौर के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, सृजनात्मकता एवं कल्पना शीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भव्य चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ एकलव्य आवासीय विद्यालय के प्राचार्य श्री प्रमोद कुमार गुप्ता ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रदर्शनी की संयोजिका कला शिक्षिका आकांक्षा सिंह ने बताया कि कक्षा तीसरी से दसवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा निर्मित विविध विषयों पर आधारित चित्र एवं कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गईं। प्रदर्शनी की विशेषता विभिन्न रंगों एवं उनके कलात्मक उपयोग की विविधता रही। विद्यार्थियों ने प्राथमिक, द्वितीय एवं विभिन्न मिश्रित रंगों के संयोजन, हल्के-गहरे रंगों के प्रभाव, रंगों के संतुलन तथा भावनाओं की अभिव्यक्ति में रंगों की भूमिका को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। इसके साथ ही भारतीय लोक एवं पारंपरिक कलाओं की झलक भी देखने को मिली। विद्यार्थियों ने वारली, गोंड, मधुबनी, भित्ति चित्र एवं अन्य लोक कला शैलियों से प्रेरित चित्रों के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विरासत एवं पारंपरिक कला को अभिव्यक्त किया। मुख्य अतिथि श्री गुप्ता ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों से उनकी कलाकृतियों के विषय एवं निर्माण प्रक्रिया के संबंध में संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास करने और कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री कुंदन राठौर ने भी विद्यार्थियोंकी कला की सराहना करते हुए कहा कि अनेक विद्यार्थियों में चित्रकला ईश्वर प्रदत्त होती है जो निरंतर अभ्यास से निखरती जाती है मगर दुःख की बात है कि अभिभावक अपने बच्चों की नैसर्गिक कला को नजरंदाज करके उन्हें कला के क्षेत्र में बढ़ने हेतु उन्मुक्त माहौल प्रदान नहीं करते प्रदर्शनी में अनुराग गहलोत, अंश विश्वकर्मा, शौर्य राठौड़ एवं पारखी पांडे, लक्ष्य सोलंकी, लक्ष्य गांगले, कुंज पंवार, अंकु रावत, अंजलि अलावे, आयत, तन्वी जोशी लक्षिता, अनुज बामनीय, वेदांत, विवान सहित अनेक विद्यार्थियों की कलाकृतियों को विशेष सराहना प्राप्त हुई। इस प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने केवल चित्र बनाना ही नहीं सीखा, बल्किरंगों के सिद्धांत, रंगों का आपसी सामंजस्य, अनुपात, संतुलन, रेखांकन, प्रकाश एवं छाया तथा विभिन्न कला माध्यमों के प्रयोग की व्यावहारिक समझ भी विकसित की। लोक कलाओं के अध्ययन से उन्हें भारत की क्षेत्रीय कला परंपराओं, सांस्कृतिक विविधता एवं पारंपरिक कलाकारों की सृजनात्मक अभिव्यक्ति को समझने का अवसर मिला। साथ ही उनमें अवलोकन क्षमता, एकाग्रता, धैर्य, सौंदर्य बोध एवं स्वतंत्र रूप से विचारों को अभिव्यक्त करने का कौशल विकसित हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक आभाजैन, मनीष पवार, जितेंद्रसिंह, विकास रावत, श्री विप्लव शर्मा, सुमित सिंह सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थितरहे। प्रदर्शनी का संयोजन कला शिक्षिका सुश्री आकांक्षासिंह द्वारा किया गया।
स्कूल शिक्षा
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बड़वानी में बैगलेस डे का आयोजन

बेदाग न्यूज़ डेस्क · बड़वानी · 16 नवंबर 2026 · 4 मिनट



